फोटो 44 भोगांव स्थित जामा मस्जिद में नमाज अदा करते मुस्लिम समाज के लोग। संवाद
मैनपुरी। रमजान माह के अलविदा जुमा की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। जिलेभर में शुक्रवार को रोजेदारों ने अल्लाह की इबादत में सिर झुकाकर दुआएं मांगी। शहर के लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में नमाजियों ने नमाज अदा की। महिलाओं ने घरों में नमाज अदा की। मस्जिदों के बाहर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल की तैनाती रही।अलविदा जुमा के लिए मुस्लिम समाज के लोगों में सुबह से ही उत्साह दिखाई दिया। नमाज अदा करने के लिए समय से पहले से नमाजी मस्जिदों में पहुंचना शुरू हो गए थे। शहर के आगरा रोड स्थित बड़ी खानकाह सहित विभिन्न मस्जिदों में तय समय पर नमाजियों ने नमाज अदा की। मुस्लिम समाज के लोगों ने अल्लाह की इबादत कर दुआएं मांगी।
नगर पालिका और नगर पंचायत की ओर से मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई की विशेष व्यवस्थाएं कराई गई थीं। सुरक्षा के लिहाज से मस्जिदों के बाहर पुलिस बल की तैनाती रहीं।
एहतराम के साथ अदा की नमाज
भोगांव। रमजान के आखिरी शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। नगर की जामा मस्जिद सहित सभी मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजियों ने नमाज पढ़ी। जामा मस्जिद में इमाम मौलाना खालिद रजा नूरी ने नमाज अदा कराई और नमाजियों को रमजान की बरकतों, अमन और भाईचारे का पैगाम दिया। इस दौरान जामा मस्जिद सदर मुहम्मद शकील उर्फ फूल मिंया, सेकेट्री पप्पी अंसारी, अहमद अली, सलीम अंसारी, आरिफ अली आदि मौजूद रहे। संवाद
नमाज के बाद बताई रोजे की अहमियत
कुसमरा। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में स्थित मस्जिदों में शुक्रवार को जुमा अलविदा की नमाज अदा की गई। जामा मस्जिद में नमाज के दौरान भारी भीड़ देखने को मिली। सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती रही। जामा मस्जिद के इमाम हाफिज जुबेर अली ने नमाज के बाद रोजे की अहमियत और रमजान की फजीलत के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि रोजेदार खुशकिस्मत होते हैं, जिनके लिए जन्नत के दरवाजे खोले जाते हैं और उनकी मगफिरत के लिए फरिश्ते भी दुआ करते हैं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को अलविदा जुमे की मुबारकबाद दी। संवाद