मैनपुरी। शहर के वार्ड नंबर 11, वार्ड नंबर पांच और 23 के लोगों ने सांसद डिंपल यादव से मुलाकात कर सीसी सड़क और नाली निर्माण कराए जाने की मांग की थी। नगर के लोगों की मांग पर सांसद ने अपनी निधि से संबंधित वार्ड में सीसी सड़क और नाली निर्माण का प्रस्ताव भेजा था। जिसके लिए 43.84 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य ने बताया कि सांसद डिंपल यादव की निधि से शहर के वार्ड नंबर 11 में शमशुद्दीन के घर से अनवर मंसूरी के घर होते हुए, जुम्मी के घर तक सीसी सड़क निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 12.70 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर पांच में ईश्वर दयाल एडवोकेट के घर से सुरेंद्र सिंह यादव के घर तक सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 23.15 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि वार्ड नंबर 12 में रामदत्त पाल फौजी के मकान से सत्येंद्र यादव के मकान तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 7.99 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने बताया कि धनराशि स्वीकृत होने के साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। कार्यदायी संस्था नामित होते निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।