मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र के गांव गंगापुर के रहने वाले गैंगस्टर की सदर कोतवाली के गांव उद्दैतपुर और कुरावली स्थित प्लाट की जिलाधिकारी के आदेश पर कुर्की की गई। दोनों संपत्ति पर नोटिस लगाया गया, वहीं ढोल नगाड़े के साथ मुनादी कराई गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कोतवाली क्षेत्र में कुर्की की कार्रवाई करने गांव उद्दैतपुर पहुंचे सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कुरावली के गांव गंगापुर निवासी अमित उर्फ टिल्लू के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आपराधिक क्रियाक्लाप के चलते गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। जानकारी करने पर पता चला कि अपराध से अर्जित धन से उसने पत्नी के नाम कोतवाली क्षेत्र के गांव उद्दैतपुर में मकान व कुरावली के गंगापुर में आवासीय प्लाट खरीदा है। जिलाधिकारी अंजनी कुमार के आदेश पर शुक्रवार को गैंगस्टर की दोनों संपत्ति पर कुर्की की कार्रवाई की गई। संवाद