मैनपुरी फाउंड्री नगर डिपो की बस यूपी78 केटी/3971 को चलाता हुआ दूसरा चालक मिला। क्षेत्रीय प्रर्वतन दल की टीम की जांच में यह खुलासा हुआ है। टीम में शामिल यातायात निरीक्षक ने रिपोर्ट आरएम इटावा को भेजी है। वहां से रिपोर्ट कार्रवाई के लिए फाउंड्री नगर डिपो के एआरएम को भेजी जाएगी।
विज्ञापन
सोमवार को फाउंड्री नगर डिपो की बस संख्या यूपी78 केटी/3971 को आगरा से फर्रुखाबाद तक ले जाने के लिए प्रदीप कुमार को चालक की ड्यूटी दी गई थी। फर्रुखाबाद से आगरा जाते समय क्षेत्रीय प्रर्वतन दल की टीम द्वारा थाना दन्नाहार के सामने बस को चेक किया। बस को चेक करते समय टीम को पता चला कि बस पर चालक के रूप में प्रदीप कुमार की ड्यूटी थी। लेकिन बस को शैलेंद्र कुमार चला रहा था।
क्षेत्रीय प्रर्वतन दल की टीम में शामिल यातायात निरीक्षक राजीव यादव के अनुसार शैलेंद्र ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात चालक प्रदीप कुमार ने निजी कारणों से बस ले जाने में असमर्थता जताते हुए शैलेंद्र से बस ले जाने का अनुरोध किया था। उसने मानवता के नाते बात मान ली थी। यातायात निरीक्षक ने बताया कि इसी आधार पर दूसरी बस से यात्रियों को भेजा गया था। इस संबंध में रिपोर्ट आरएम इटावा को भेजी है। आरएम कार्यालय से कार्रवाई के लिए फाउंड्री नगर डिपो के एआरएम को रिपोर्ट भेजी जाएगी।