यूकेजी में पढ़ता था परमिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बालक परमिस चौधरी (6) कस्बा औंछा स्थित आरपीएस एजुकेशनल एकेडमी में यूकेजी का छात्र था। उसके पिता कुलदीप चौधरी पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल हैं और मूल रूप से जिला मथुरा के थाना राया अंतर्गत गांव अनौडा के रहने वाले हैं।
हादसे के वक्त पेशाब कर रहा था परमिस
रविवार शाम करीब 5 बजे कुलदीप चौधरी अपनी बैगन आर कार से पत्नी व बच्चों के साथ मैनपुरी से खरीदारी कर वापस थाने लौट रहे थे। औंछा क्षेत्र के छतारी गांव के समीप पहुंचने पर उनके बेटे परमिस को पेशाब लगी, जिस पर उन्होंने गाड़ी रोक दी। जैसे ही गाड़ी रुकी, बच्चे ने खिड़की खोली और नीचे उतरा। ठीक उसी समय औंछा की तरफ से आई एक अनियंत्रित डीसीएम ने परमिस को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम लेकर भाग निकला।
घटना के बाद मौके से भागा डीसीएम चालक
दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, सीओ सच्चिदानंद सिंह और औंछा इंस्पेक्टर चन्द्रपाल सिंह तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस फरार डीसीएम और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।
परिवार ने किया पोस्टमार्टम से इनकार
इस हृदयविदारक घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुखी स्वजनों ने कानूनी प्रक्रिया के तहत होने वाले पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया और बालक के शव को लेकर अपने मूल गांव मथुरा के लिए रवाना हो गए।