मैनपुरी के उपकेंद्र करहल रोड क्षेत्र के मोहल्ला गाड़ीवान स्थित भीमसेन मंदिर तिराहा पर ट्रांसफार्मर पर मरम्मत के दौरान लाइनमैन करंट की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। साथी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया है।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के गांव प्यारपुर निवासी देवेश कुमार, विद्युत निगम में संविदा लाइनमैन के रूप में तैनात है। बृहस्पतिवार की दोपहर देवेश करहल रोड उपकेंद्र क्षेत्र के मोहल्ला गाड़ीवान स्थित भीमसेन मंदिर तिराहा पर काम कर रहा था। तभी अचानक देवेश विद्युत करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। देवेश को नीचे गिरते देख साथी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
साथी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। लाइनमैन देवेश की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना पर अधिशासी अभियंता खंड प्रथम, उपखंड अधिकारी अभिषेक कुमार और जेई नारायण सिंह आदि जिला अस्पताल पहुंच गए।