जय मां इंस्टीटयूट आफ एजूकेशन अंबा नगर खर्रा के सात दिवसीय एनएसएस के पांचवें दिन स्वयं सेवियों ने ग्रामीणों को संचार माध्यमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम अधिकारी डा. ललित सिंह चौहान ने कहा किसी देश या समाज के विकास में संचार साधनों का बहुत बड़ा योगदान है। आज मोबाइल, टेलीफोन, टेलीविजन, इंटरनेट, फैक्स हमारे दैनिक जीवन के महत्वपूर्ण अंग बन गए हैं। हमारा जन जीवन, व्यवसाय सब कुछ संचार पर निर्भर है। शिविरार्थियों ने भी ग्रामीणों को संचार के उपकरणों के प्रयोग की जानकारी दी।
जल संरक्षण पर हुई विचार गोष्ठी में ओपी सिंह भदौरिया ने कहा जल के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है। प्राणी का जीवन जल पर ही निर्भर करता है। वृक्षों की अंधाधुंध कटाई से पृथ्वी का जल स्तर दिन पर दिन गिरता जा रहा है। देश में पानी की कमी होती जा रही है। प्रत्येक व्यक्ति को जल संरक्षण करना चाहिये। राजवीर सिंह ने शिविरार्थियों से जल का दुरूपयोग रोकने तथा अपने गांव व समाज में जल संरक्षण के बारे मे जानकारी देने के लिये प्रेरित किया। शिविरार्थी कविता, उपासना, त्रिकेश, डौली, रजनी, अर्चना, संदीप कुमार, आशीष कुमार, मिथुन कुमार ने साक्षरता पर लघु नाटिका प्रस्तुत की। इस मौके पर पवन गुप्ता, सोनू कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह, प्रभातचंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह चौहान, रामनरेश, उत्तम, राजेश, घनश्याम आदि मौजूद थे।