इलाहाबाद कोर्ट परिसर में दरोगा द्वारा वकील की गोली मारकर की गई हत्या के
विरोध में जिले भर के वकील हड़ताल पर रहे। वकीलों ने कार्य बहिष्कार कर
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना के विरोध और दोषियों के
खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वकीलों ने प्रदर्शन भी किया। हड़ताल के
चलते वादकारियों को वापस लौटना पड़ा।
गुरुवार को मैनपुरी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय चौहान की अध्यक्षता
में हुई बैठक में अधिवक्ता हत्याकांड की कड़े शब्दों में निंदा की गई।
राजीश यादव ने कहा कि कोर्ट परिसर में वकील की हत्या दरोगा द्वारा किए जाने
से वकीलों में आक्रोश है। मृतक अधिवक्ता के परिवार को बार काउंसिल ऑफ
उत्तर प्रदेश की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देनी चाहिए। वकीलों ने
दो मिनट का मौन रखकर मृतक अधिवक्ता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना
की। बैठक में सुरेश यादव, दलवीर यादव, चंद्रभान सिंह, ज्ञानेंद्र प्रताप
सिंह, जगदीश शाक्य, रामप्रकाश पाल, रनवीर सिंह पाल, रीता नैयर, नरेंद्र
शाक्य, नृप चौधरी, विनीता भदौरिया, विपुल आदि शामिल थे।
कलक्ट्रेट के
वकीलों ने भी कार्य बहिष्कार किया। वकीलों ने प्रदर्शन कर हत्यारोपी के
खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में जिला बार एसोसिएशन के
अध्यक्ष दिनेश यादव, सचिव संजय त्रिवेदी, पूरन सिंह, राजपाल सिंह, महेश
चंद्र आदि शामिल थे। भोगांव, करहल और किशनी तहसील के वकीलों ने भी घटना के
विरोध में कार्य बहिष्कार कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर
प्रदर्शन किया।
टेक्सेसन बार एसोसिएशन के वकीलों ने भी हड़ताल रखी।
टेक्सेसन अधिवक्ताओं ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बैठक में
अध्यक्ष राजीव कुमार कुलश्रेष्ठ, अशोक गुप्ता, प्रभाकर मित्तल, केएस जौहरी,
सुभाष चेत, मोतीलाल गुप्ता, अनुपम कुमार सिंह, राहुल कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद
थे।