मैनपुरी। ब्लाक प्रमुख पद के लिए रविवार को दो ब्लाक मैनपुरी और सुल्तानगंज में मतदान हुआ। इस दौरान दोनों ही ब्लाकों में प्रत्याशियों में कांटे की टक्कर हुई। ब्लाक परिसर छावनी बने रहे। सुल्तानगंज ब्लाक अतिसंवेदनशील होने के कारण सुबह से ही डीएम और एसपी वहां डेरा जमाए रहे। बीडीसी सदस्यों के अलावा किसी अन्य को ब्लाक परिसर में पुलिस ने प्रवेश नहीं करने दिया। मैनपुरी में एक वोट और सुल्तानगंज में 25 वोट से हारजीत का फैसला हुआ। देर शाम डीएम ने दोनों विजयी ब्लाक प्रमुखों को प्रमाण पत्र दे दिए। दोनों ही ब्लाक प्रमुख सपा के बने हैं। बता दें कि सात ब्लाक प्रमुख पहले ही निर्विरोध घोषित हो चुके हैं, जिनमें छह सपा के और एक निर्दलीय शामिल है।
ब्लाक मैनपुरी में सुबह 11 बजे से ब्लाक प्रमुख के चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ। यहां पर कुल 117 बीडीसी सदस्य हैं। दोपहर एक बजे तक सभी ने मतदान कर दिया। शाम को गिनती के बाद सपा समर्थित यश चौधरी को मात्र एक वोट से विजयी घोषित किया गया। मतगणना में यश चौधरी को 59 वोट मिले। वहीं ममता सिंह को 56 वोट मिले। जबकि दो वोट निरस्त हो गए। इसके बाद यश चौधरी को विजयी घोषित किया गया। बड़ी संख्या में फोर्स के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी भी डेरा डाले रहे। शाम को प्रमाण पत्र देने के बाद ही अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
वहीं ब्लाक प्रमुख चुनाव की घोषणा के बाद से ही अतिसंवेदनशील रहे सुल्तानगंज ब्लाक में सपा की आरती शंखवार 25 वोटों से जीत गईं। उन्होंने बसपा प्रत्याशी रीतू सिंह को हराया। आरती को जहां 58 वोट मिले वहीं रीतू को 33 वोट मिले। सुल्तानगंज ब्लाक में कुल 106 बीडीसी सदस्य हैं। इनमें से 91 ने वोट डाले। अन्य वोट डालने ही नहीं आए।
चुनाव के दौरान जिलाधिकारी चंद्रपाल सिंह, पुलिस अधीक्षक राकेश शंकर ने दोनों ब्लाकों में लगातार भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया पर नजर रखी। इस दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट, वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिस, पीएसी तैनात की गई थी। साथ ही मतदान, मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। दोनों विकास खंडों में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे।