जब से हमारे देश के किसानों ने वैज्ञानिक ढंग से खेती करना प्रारंभ की तबसे हम खाद्यान्न में आत्म निर्भर हुए और अच्छा उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं। किसान जैविक खादों का अधिक से अधिक प्रयोग कर कम लागत में अच्छी उत्पादकता लेकर अपनी आमदनी बढ़ाकर आर्थिक स्थिति को मजबूत करें तभी किसान का विकास होगा और देश उन्नति करेगा। यह बातें डीएम चंद्रपाल सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस पर आयोजित किसान सम्मान समारोह में कहीं।
डीएम ने कहा किसान नवीनतम वैज्ञानिक विधि से प्रतिस्पर्धात्मक खेती करें। अपनी फसलों में जैविक खाद का प्रयोग करें। वर्मी कंपोस्ट को अपनाकर फसलों में रसायनिक खादों, पानी एवं बीजों का जरूरत से ज्यादा प्रयोग न करें।
पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह ने जीवन भर किसानों, गांवों के विकास के लिए संघर्ष किया, उनकी सोच थी कि किसानों और गांवों की आर्थिक स्थित को मजबूत किए बिना देश की अर्थव्यवस्था को स्थाई मजबूती नहीं मिल सकती।
डीएम ने फसल, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान में अच्छा उत्पादन करने वाले 32 किसानों सहित किसान यूनियन के अध्यक्ष तिलक सिंह राजपूत को सम्मानित किया। डाक्टर शंकर सिंह, डाक्टर विकास रंजन चैाधरी, सीडीओ विजय कुमार गुप्ता, उप निदेशक कृषि यूवीसिंह गौतम, सहायक निदेशक मत्स्य बी लाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी योगेश कुमार सारस्वत, जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा, जिला उद्यान अधिकारी सुरेश कुमार आदि मौजूद थे।