भोगांव। विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) भोगांव में तीन दिवसीय कवच मॉड्यूल प्रशिक्षण शुरू हुआ। माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
मास्टर ट्रेनर महेंद्र प्रताप सिंह ने शिक्षकों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाने पर जोर दिया। मास्टर ट्रेनर कमल पांडेय ने प्रशिक्षण के विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने बताया कि कवच प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बालक-बालिकाओं के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बनाना है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षक बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझेंगे। बच्चों और अभिभावकों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सकेगा। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा और वे बिना किसी भय के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। डायट के प्राचार्य सूर्य प्रताप सिंह ने बच्चों को सुरक्षित परिवेश उपलब्ध कराने को महत्वपूर्ण बताया।