मैनपुरी। शनिवार को एडी बेसिक आगरा ने जिले में पहुंच शैक्षिक व्यवस्थाएं परखी। इस दौरान वह कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में अव्यवस्थाएं देख भड़क उठे। साथ ही जिले में अभी तक सभी स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों का वितरण न होने पर भी नाराजगी जताई। वहीं दो विद्यालयों के एमडीएम की गुणवत्ता भी परखी।
शनिवार को एडी बेसिक गिरजेश चौधरी सुबह सात बजे बीएसए कार्यालय पहुंच गए। यहां सर्वशिक्षा अभियान के तहत दी जाने वाली पाठ्यपुस्तकों के वितरण की जानकारी ली। इसके बाद सीधे बीआरसी नगला जुला पर पहुंचे। यहां पाठ्यपुस्तकों के सत्यापन और वितरण की जानकारी। इस दौरान उन्होंने पाया कि अभी तक सभी स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों का वितरण नहीं हुआ है। इस पर उन्होंने सर्वशिक्षा अभियान के बाबू को दो दिन के अंदर सभी स्कूलों में पाठ्य पुस्तकों को वितरण कराए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद वह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय करहल पहुंचे। यहां उन्होंने निरीक्षण में पाया कि बालिकाओं के लिए साबुन, तेल और तौलिया नहीं है। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए शीघ्र ही टेंडर जारी कर उक्त चीजें बालिकाओं को उपलब्ध कराने को कहा। इसके बाद वह नगला जुला स्थित प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। यहां बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता परखी। इस पर संतोष जताया। वहीं छात्र संख्या कम होने पर बढ़ाने के निर्देश दिए। इस मौके पर उनके एबीएसए भारती शाक्य मौजूद रहीं।