गांव छबीलेपुर निवासी युवक पर शनिवार सुबह हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिवारीजन और ग्रामीणों ने छिबरामऊ मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे आलाधिकारियों के समझाने के बाद करीब तीन घंटा बाद भीड़ ने जाम खोला। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के गांव छबीलेपुर निवासी ज्ञान सिंह (26) नगर स्थित सुदिति ग्लोबल एकेडमी की स्कूल बस का परिचालक था। शनिवार सुबह करीब साढे़ पांच बजे साइकिल से ड्यूटी पर आ रहा था। साइकिल जब थाना क्षेत्र स्थित चौधरी शीतालय के समीप पहुंची तभी जर्जर हाईटेंशन का तार टूटकर उस पर गिर गया। करंट की चपेट में आकर ज्ञान सिंह बुरी तरह से झुलस गया। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिवारीजन और ग्रामीणों ने शव को बेवर-छिबरामऊ मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना था कि मार्ग से होकर गुजर रही हाइटेंशन लाइन काफी जर्जर है, इसके चलते पूर्व में भी हादसे होते रहे हैं। मगर विभाग ने इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। वहीं मौके पर सीओ राजपाल सिंह, तहसीलदार पुलिसबल के साथ पहुंच गए। करीब तीन घंटे बाद जर्जर लाइन को सही कराने और नए खंभे लगाने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। थानाध्यक्ष ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जाम के चलते लगी वाहनों की लंबी कतार
बेवर। करंट से युवक की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीण करीब तीन घंटे तक बेवर-छिबरामऊ पर अवरोध डालकर जाम लगाए रहे। इस दौरान मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। शव उठने के बाद पुलिसकर्मियों ने मार्ग का आवागमन शुरू कराया। जाम के चलते यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।