मोनू ठाकुर को मिर्जापुर जेल शिफ्ट किया
- फोटो : अमर उजाला
जिला जेल से चार बंदियों के भागने के बाद अब अधिकारी मैनपुरी जेल में बंद पश्चिमी यूपी के अपराधी जीवा को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहते हैं। उसे जेल से स्थानांतरित करने के लिए जिला और जेल प्रशासन ने शासन को पत्र लिखा है। हालांकि इसमें एक बड़ा पेच हाईकोर्ट का एक स्थगन आदेश है। उसे निरस्त कराने के लिए कोर्ट में पैरवी करने की तैयारी की जा रही है।
गत सोमवार को जिला जेल से चार बंदी फरार हो गए थे। इस मामले में जहां जेल के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आई है। वहीं जेल की सुरक्षा में कमियां भी उजागर हुई हैं। इस मामले में डीएम की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में जिला जेल के 14 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा गया है। साथ ही जिला जेल में सुरक्षा के पर्याप्त उपाय न होने के कारण यहां से शातिर और बड़े अपराधियों को हटाने के लिए भी शासन को पत्र लिखा है। वर्तमान में सबसे शातिर अपराधी मुजफ्फरनगर निवासी संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा है। घटना के बाद जिला और जेल प्रशासन ने शासन को पत्र लिखकर जीवा को जिला जेल से कहीं और स्थानांतरित करने की बात कही है। उनका तर्क है कि जिला जेल वर्तमान में जीवा जैसे अपराधी को रखने के लिए सुरक्षित नहीं है। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य अपराधियों को भी जेल से हटाने की बात कही है। अधिकारी बताते हैं कि जीवा को यहां से स्थानांतरित करना इतना आसान नहीं है। इसके लिए हाईकोर्ट से आदेश लेना पड़ेगा। कारण उसके जेल से स्थानांतरण पर हाईकोर्ट से स्टे आर्डर है।
मिली थी आपत्तिजनक वस्तुएं
जिला जेल में पिछले माह डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया था। इसके बाद जीवा की बैरक से काफी आपत्तिजनक वस्तुएं मिली थीं। उसके पास से 25 हजार रुपये भी बरामद हुए थे। तब दोनों अधिकारियों ने जेल के कर्मचारियों और अधिकारियों को चेतावनी भी दी थी।
नहीं लगा अब तक सुराग
जेल से भागे बंदियों का अभी तक कोई भी सुराग पुलिस को नहीं लगा है। अब अधिकारी भी मान रहे हैं कि संभवत: वह कोई बड़ी वारदात करने के लिए जेल से भागा है। चारों फरार बंदियों की धरपकड़ को चलाए जा रहे अभियान की कमान एएसपी को सौंपी गई है। पुलिस की सभी टीमें पल-पल की जानकारी उन्हें देंगी।
-जिला जेल में अव्यवस्थाओं को देखते हुए जीवा को यहां से दूसरी जेल भेजे जाने के लिए शासन को पत्र लिखा है।
-चंद्रपाल सिंह, डीएम मैनपुरी