हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन ईद मिलाद उन नबी 12 दिसंबर को मनाया जाएगा। इस दौरान मस्जिदों और मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में रोशनी के इंतजाम किए जा रहे हैं। इस मौके पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, शहर के प्रमुख मार्गों से होकर जुलूस ए मोहम्मदी निकाला जाएगा।
ईद मिलाद उन नबी पर शहर के आगरा रोड को आकर्षक झालरों की लाइटों से सजाने की तैयारी की जा रही है। इसके मद्देनजर डीएम और एसपी से सुरक्षा और भारी वाहनों के शहर में प्रवेश को प्रतिबंधित करने की मांग की गई है। खानकाहे रशीदिया और जिले की अन्य मस्जिदों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। ईद मिलाद उन नबी को लेकर मुस्लिम बस्तियों में खासा उत्साह है।
खानकाहे रशीदिया के सज्जादानशीन अब्दुर्रहमान खां चिश्ती उर्फ बबलू मियां ने बताया कि 12 दिसंबर को सुबह नौ बजे जुलूस ए मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस बड़ा चौराहा, सिटी पोस्ट आफिस, लेनगंज, देवी रोड, संता-बसंता चौराहा होता हुआ खानकाहे रशीदिया पहुंचकर समाप्त होगा। इसके पश्चात खानकाह में मुस्लिम विद्वान तकरीर करेंगे। बाद में लंगर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी धर्मों के लोगों से अनुरोध किया है कि वह इस मुबारक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिरकत लें।