जाम से निजात के लिए पालिका ने बनाई योजना
- फोटो : अमर उजाला
शहर में आए दिन लगने वाले जाम से शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए नगरपालिका ने योजना बनाई है। योजना कारगर साबित होती है तो 50 प्रतिशत तक जाम से निजात मिल जाएगी। योजना के तहत पालिका ने शहर के फुटपाथों और मुख्य सड़कों से हथठेलों को हटवाकर कहीं चौड़े स्थान या मैदान में खड़ा कराने की तैयारी की है। व्यवस्था को अमली जामा पहनाने से पहले पालिका तैयारी में लगी है।
उल्लेखनीय है कि शहर में सड़कों का चौड़ीकरण होने के बाद भी जाम से निजात नहीं मिल पा रही है। सड़कों के दोनों ओर जाम रहने से आवागमन बाधित रहता है। पुलिस एवं प्रशासन ने कई बार प्रयास किए लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं हुआ। अब जाम से निपटने के लिए पालिका ने यह निर्णय लिया है।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी रामपाल यादव का कहना है कि शहर में जाम के लिए जिम्मेदार मनमाने ढंग से खडे़ होने वाले हथठेले हैं। फुटपाथों के अलावा सड़क पर मनमाने ढंग से हथठेलों खडे़ होने से आवागमन बाधित होता है। योजना तैयार की गई है कि अब इन हथठेल वालों को कहीं भी चौड़े स्थान या मैदान पर पहुंचाया जाएगा। इन्हें या तो करहल चौराहे या फिर स्टेशन रोड स्थित क्रिश्चियन मैदान में पहुंचाया जाएगा। वहीं क्रिश्चियन मैदान के लिए मिशनरी संस्था से वार्ता की जाएगी क्योंकि मैदान का मालिकाना हक संस्था के पास है। हथठेल वालों से यहां का मासिक किराया लिया जाएगा।