मैनपुरी। बेवर विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मेरापुर छदामी में जिलाधिकारी के आदेश के बाद विकास कार्यों में हुए घोटाले की जांच शुरू करा दी गई है। डीएम के आदेश पर नियुक्त दो सदस्यीय टीम विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन करने के लिए मौके पर पहुंची। टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपेगी।
विकास खंड की ग्राम पंचायत मेरापुर-छदामी निवासी जय सिंह ने पर्यटन मंत्री और जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर गांव में हैंडपंप रिपेयरिंग, इंटरलॉक सड़क निर्माण, शौचालय निर्माण, मनरेगा कार्य, तालाब सौंदर्यीकरण, मिट्टी भराव आदि के कार्यों में घोटाले की शिकायत की है। शिकायत में सभी कार्यों की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत पर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जांच बैठा दी है।
एडीओ पंचायत मैनपुरी अरविंद कुमार और एडीओ पंचायत सुल्तानगंज राजीव कुमार जांच करने के लिए गांव पहुंचे। यहां उन्होंने शिकायत का भौतिक सत्यापन किया। ग्राम प्रधान मनोज कुमार और शिकायत कर्ता को मौके पर बुलाया गया। जांच अधिकारियों ने बताया कि अभी पूरी जांच नहीं हो सकी है। जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।