दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक बालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। थाना औंछा क्षेत्र में बालक की मौत से गुस्साए परिवारीजनों और ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर एक घंटे बाद जाम खुलवा दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं चालक को हिरासत में लेकर ट्रक कब्जे में ले लिया है।
औंछा थाना क्षेत्र के गांव विक्रमपुर निवासी अमर सिंह (08) दस दिन पूर्व थाना क्षेत्र के जसराना रोड निवासी बुआ के यहां आया था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह बुआ विनीता के साथ शौच के लिए जा रहा था। तभी सड़क पार करते समय ट्रक ने बालक को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों एकत्रित हो गए। गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही सीओ कुरावली शमशेर बहादुर और अन्य थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटा बाद जाम खुल सका। पुलिस ने चालक को पकड़ लिया, वहीं ट्रक कब्जे में ले लिया। मृतक के चाचा अजमेर सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दूसरी घटना थाना किशनी क्षेत्र में हुई। गांव रठेह निवासी ब्रह्मानंद (35) मंगलवार को कस्बा किशनी साढ़ू पिंकी के यहां आया था। बुधवार सुबह वह साइकिल से कुसमरा जा रहा था। तभी सहारा मोड़ के समीप पीछे से आ रही वैन के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में ब्रहृमानंद की मौके पर ही मौत हो गई।