चौथ न देने पर व्यापारी पर जानलेवा हमला
- फोटो : अमर उजाला
चौथ न देने पर दबंगों ने शनिवार शाम व्यापारी पर फायरिंग की। व्यापारी को मारने में असफल रहने पर हमलावर दोबारा लौटे और फिर कई फायर किए, लेकिन व्यापारी ने दुकान में छिपकर जान बचाई। वहीं भाग रहे एक हमलावर को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घटना के बाद से गल्ला व्यापारी के पास चौथ देने के लिए लगातार फोन आ रहे हैं। वहीं घटना से गुस्साए व्यापारियों ने थाने का घेराव कर लिया। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
थाना क्षेत्र निवासी गल्ला व्यवसायी हरिओम गुप्ता का प्रतिष्ठान गोल चक्कर के समीप है। पिछले कुछ दिनों से फोन पर साथी को जेल से छुड़ाने के लिए उसने 10 हजार रुपये की मांग की जा रही थी लेकिन उन्होंने धमकी को गंभीरता से नहीं लिया। शनिवार शाम करीब 6:20 बजे वह दुकान पर बैठे थे। तभी एक बाइक पर सवार दो हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी लेकिन इस हमले में वह बाल-बाल बच गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित होने लगे। इसी बी एक बार फिर से बाइक सवार हमलावर वहां पहुंच गए और दोबारा से फायरिंग की। हरिओम ने दुकान में छिपकर जान बचाई। इसी बीच वहां मौजूद लोगों ने एक हमलावर पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उक्त घटना के बाद जब व्यापारी घर वापस लौटा तो उनके मोबाइल पर दोबारा तीन लाख की चौथ मांगी गई। इसके बाद वह अन्य व्यापारियों के साथ थाने पहुंचे। पुलिस हमलावर से पूछताछ कर रही है। वहीं मोबाइल नंबर की जानकारी जुटाई जा रही है। व्यापारी पर हमले से व्यापारियों में आक्रोश है।
थानाध्यक्ष घिरोर का कहना है कि पकडे़ गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। व्यापारी की शिकायत मिल गई है। फोन नंबर की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।