चौकी क्षेत्र के कुसमरा रामनगर मार्ग पर मंगलवार दोपहर पिकअप की चपेट में आकर बाइक पर सवार तीन में से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक महिला भी घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताते हैं कि बाइक चलाने वाला हेलमेट नहीं पहने था।
इटावा के गांव भानपुर का रहने वाला हरगोविंद (27) मौसा श्रीकृष्ण (38) और पत्नी शिवानी (24) के साथ दवा लेने जा रहा था। तीनों जब कस्बा के रामनगर मार्ग से गुजर रहे थे तभी तरिहा पुलिया के समीप तेजगति से आ रही पिकअप ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में हरगोविंद की मौके पर ही मौत हो गई। सुनसान इलाके में हुई इस घटना के बाद काफी देर तक घायल वहीं पडे़ रहे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची थाना पुलिस दोनों घायलों को अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सकों ने श्रीकृष्ण को मृत घोषित कर दिया। घटना के समय दोनों युवक हेलमेट भी नहीं पहने थे। थाना पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।