थाना घिरोर क्षेत्र में शुक्रवार रात स्कूल में दो चौकीदारों की हत्या एक करोड़ रुपये की लालच में की गई थी। उक्त घटना स्कूल परिसर में स्थित धर्मकांटा पर कार्यरत एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी। रविवार को प्रेसवार्ता कर एसपी ने घटना के खुलासे की जानकारी दी।
बता दें कि शुक्रवार रात एसएसडी एजूकेशनल एकेडमी में तैनात थाना भोगांव क्षेत्र के गांव जसराजपुर निवासी विमल तिवारी और थाना क्षेत्र के गांव नाहिली निवासी जयचंद्र की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। बदमाश विद्यालय में लगे पांच सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर तोड़ गए थे। शनिवार रात थाना पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया। रविवार शाम को प्रेसवार्ता कर एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि स्कूल प्रांगण में नारायण धर्मकांटा लगा हुआ है। इस पर काम करने वाले हरवीर उर्फ हर्रा निवासी पडरिया चौराहा थाना औंछा को स्कूल के प्रधानाचार्य के कमरे में रखी अलमारी में करीब एक करोड़ रुपये रखे होने का शक था। उसने साथी प्रवीन कुमार यादव निवासी नगला ओय थाना घिरोर के साथ मिलकर एक करोड़ रुपये लूटने की योजना बनाई। लेकिन वहां दो चौकीदारों की मौजूदगी के चलते वो घटना को अंजाम नहीं दे पा रहे थे। शुक्रवार को मौका मिलते ही हरवीर और प्रवीन कस्बा स्थित गोल चक्कर पर मिले वहां होटल पर शराब और मीट खाने के बाद करीब नौ बजे धर्मकांटा पहुंच गए। वहां सो रहे चौकीदार जयचंद्र का अंगौछा से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को वहां बने शौचालय में छिपा दिया। इसके बाद विमल कुमार की भी अंगौछा से गला दबाकर हत्या कर दी। गर्दन को चारपाई के पाए से बांध दिया। इसके बाद परिसर में खड़ी बस से लोहे की रॉड निकालकर प्रधानाचार्य के कमरे का ताला तोड़ने के बाद अलमारियों के कुंडे तोड़ दिए। घास काटने वाली कैंची से रुपयों की तलाश के लिए मेजों की दराजें आदि तोड़ दीं, लेकिन उन्हें वहां कुछ भी नहीं मिला। इसके बाद चौकीदार जयचंद्र के शव को शौचालय से निकालकर विमल तिवारी की लाश के पास लेटा दिया। एसपी ने दोहरे हत्याकांड के खुलासे पर टीम को पांच हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
सफाई कर्मचारी ने की खुलासे में मदद
मैनपुरी। चौकीदारों की हत्या करने के बाद परिसर से बाहर कूदते समय एक सफाईकर्मी ने एक युवक को देख लिया था। लेकिन अंधेरा होने की वजह से कर्मी ने कुछ भी नहीं कहा और चुपचाप लेट गया। घटनाक्रम की जानकारी के बाद उसने पुलिस को जानकारी दी। जिसकी मदद से पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त लकड़ी की फंटी, लोहे की रॉड, घास काटने वाली कैंची, अंगौछा आदि वस्तुएं बरामद की हैं।