ईद का चांद दिखाई देने के बाद मुस्लिम समाज में चारों ओर खुशी का माहौल है। गुरुवार को ईद उल फितर का त्योहार मनाने के लिए बुधवार देररात तक बाजारों में खरीदारी के लिए मुस्लिम समाज की महिलाओं पुरुषों की भीड़ नजर आई। कोई सेंवइयां खरीद रहा था तो कई नए कपड़े। चूड़ियों और मेकअप की दुकानों पर भी युवतियों की खासी भीड़भाड़ देखी गई। घरों और मस्जिदों को भी सजाया जा रहा है।
उधर, ईद की विशेष नमाज के लिए शहर और कस्बों की ईदगाहों में की जाने वाली तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
गुरुवार को सुबह से ही ईदगाह में नमाज पढ़ने के लिए लोग ईदगाह की ओर उमड़ने शुरू हो जाएंगे। शहर के आगरा रोड स्थित ईदगाह को नमाज के लिए तैयार कर लिया गया है। भोगांव और करहल के ईदगाह में भी विशेष नमाज के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ईद की नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस की कड़ी चौकसी रहेगी। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि ईदगाह और मस्जिदों के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।
उधर, ईद की पूर्व संध्या पर बाजारों में खरीदारों की अच्छी खासी भीड़ रही। युवतियों और महिलाओं ने अंतिम दिन जमकर खरीदारी की। वहीं मीठी ईद पर पकवान बनाने के लिए भी पूरे दिन खरीदारी का दौर जारी रहा। बच्चों में ईद की काफी खुशी देखी गई। बच्चे नए कपड़े खरीदते देखे गए। सेंवइयों की भी खरीदारी हुई।
फजर की नमाज के बाद होगी फातिहा
जामा मस्जिद के पेश इमाम मोहम्मद शमी अहमद ने बताया कि गुरुवार को सुबह फजर की नमाज के बाद फातिहा होगी। दूध और छुआरों के अलावा किसी भी तबर्रुक पर फातिहा दिला सकते हैं। उसके बाद उसी तबर्रुक से रोजा खोला जाएगा।
ईद की नमाज का वक्त तय
जामा मस्जिद एवं ईदगाह के पेश इमाम मौलाना शमी अहमद ने बताया कि गुरुवार को ईदगाह में ईद उल फितर की नमाज सुबह 8:30 बजे होगी। जबकि खानकाहे रशीदिया में नमाज सुबह नौ बजे होगी। मुतबल्ली चौधरी अब्दुल नईम ने बताया कि करहल की ईदगाह में सुबह 8:30 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी। भोगांव ईदगाह में सुबह नौ बजे विशेष नमाज होगी। घिरोर की मक्का मस्जिद में 8:30 बजे और ईदगाह पर सुबह नौ बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी। कुरावली ईदगाह गंगापुर में सुबह 8:30 बजे पहली नमाज होगी। दूसरी नमाज करबला दरगाह पर नौ बजे और तीसरी नमाज मोहल्ला पठानान मस्जिद दाड़ी वाले बाबा में सुबह 9:30 बजे होगी। वहीं किशनी में जामा मस्जिद जटपुरा में 8:30 बजे नमाज होगी।
नमाज के दौरान आगरा रोड पर आवागमन प्रतिबंधित
ईदगाह पर सुबह 8:30 नमाज होने के चलते सुबह आठ बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक चारपहिया वाहनों का आगरा रोड पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सीओ सिटी ने बताया कि इस दौरान आगरा रोड पर केवल पैदल या दोपहिया वाहनों को ही चलने की अनुमति दी जाएगी। इस दौरान चारपहिया वाहन बाईपास रोड से शहर के अंदर आ सकेंगे।