मैनपुरी। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के पदाधिकारियों ने शनिवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद राजस्व अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा कि उन लोगों को पंचायत चुनाव और लोकसभा चुनाव में फोटोग्राफी के लिए ड्यूटी लगाई गई थी। अभी तक एक चुनाव का ही भुगतान किया गया है। 18 माह का मानदेय दिए जाने और अन्य मांगों पर कार्रवाई के बाद ही उनकी चुनाव ड्यूटी लगाई जाए।
शनिवार को राजस्व अधिकारी को दिए गए ज्ञापन में जिलाध्यक्ष शैतान सिंह सक्सेना ने कहा कि संविदा कर्मियों को पूर्व में किस आदेश के तहत निर्वाचन जैसे कार्य में लगाया गया यह अवगत कराया जाए। कहा कि यदि इस तरह का कोई आदेश है तो जिस तरह पोलिंग पार्टी के नाम ड्यूटी पत्र में शामिल किए जाते हैं उसी तरह रोजगार सेवकों के नाम भी ड्यूटी पत्र में शामिल किए जाएं। 18 माह से ग्राम रोजगार सेवकों का लंबित मानदेय नहीं दिया गया है। उन्हें अवशेष मानदेय दिलाया जाए। किशनवीर ने कहा कि अन्य कर्मचारियों की तरह दुर्घटना होने पर ग्राम रोजगार सेवकों के आश्रितों को बीमा दिलाया जाए। पिछली बार चुनाव ड्यूटी के समय घर जाते समय विकास खंड घिरोर के रोजगार सेवक हरेंद्र कुमार की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई थी। परिवार को आज तक कोई आथक सहायता प्रदान नहीं की गई। पूर्व में लगाई गई चुनाव ड्यूटियों का भत्ता दिलाया जाए। ज्ञापन देने वालों में परशुराम, विक्रम सिंह, विजेंद्र, अखिलेश, सर्वेंद्र कुमार, नेम सिंह, विवेक, रामकुमार आदि शामिल थे।