कलक्ट्रेट पहुंचे विद्युत संविदाकर्मी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचे विद्युत विभाग के संविदाकर्मियों ने पांच माह का रुका वेतन जल्द भुगतान न किए जाने की दशा में हड़ताल पर जाने का एलान किया है। आरोप लगाया कि पांच माह से ठेकेदार ने वेतन रोक रखा है। ठेकेदार अधिकारियों से मिलीभगत कर उनका वेतन हड़पना चाहता है।
विदित है कि विद्युत विभाग में संविदा पर तैनात कर्मियों को पांच माह से वेतन न मिलने को लेकर वह कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। वेतन दिए जाने को लेकर संविदाकर्मियों ने बेवर और कुसमरा में विद्युत आपूर्ति ठप कर विरोध जताया था। मगर अभी तक ठेकेदार ने रुका हुआ वेतन नहीं दिया है। शुक्रवार को कुसमरा, अरसारा, बखतपुर, भदेई, बेवर, लेखराजपुर, भोगांव आदि के विद्युतकर्मियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन कर आक्रोश व्यक्त किया। संविदाकर्मी सोनू मिश्रा का कहना है कि अधिकारियों ने पांच माह का वेतन रोक रखा है। कांट्रेक्ट बेस की अवधि खत्म होने को है। जिसके चलते ठेकेदार मिलीभगत कर उनके पांच माह का वेतन हड़पना चाहता है। सुदेश कुमार का कहना है कि पूर्व में वह विद्युत आपूर्ति कर विरोध दर्ज करा चुके हैं। अगर होली के त्योहार से पूर्व वेतन नहीं दिया जाता। तो वह हड़ताल पर चलें जाएंगे साथ ही विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप कर देंगे।