स्वास्थ्य उपकेंद्र बदहाल, उगीं झाड़ियां
- फोटो : अमर उजाला
विकास खंड क्षेत्र के ग्राम डालूपुर में बना स्वास्थ्य उपकेंद्र झाड़ियों में तब्दील होता जा रहा है। ग्रामीणाें को उपचार के लिए परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि उपकेंद्र पर विभागीय अधिकारियों की लापरवाही से 15 वर्षों से ताला लटका है। ग्रामीणों ने सीएमओ से स्वास्थ्य उपकेंद्र को खुलवाने की मांग की है।
विकास खंड क्षेत्र के ग्राम डालूपुर में करीब 20 वर्ष पूर्व स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण कराया गया तो गांव के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं था, लेकिन ये खुशी ज्यादा दिन नहीं रह सकी। करीब एक वर्ष में स्वास्थ्य उपकेंद्र पर एएनएम ने ताला लगा दिया। ग्रामवासी नत्थू सिंह का कहना है कि पूरा उपकेंद्र झाड़ियों में तब्दील हो गया है। करीब 15 वर्षों से एएनएम तो क्या यहां तो विभागीय अधिकारी भी नहीं आते।
अजय कुमार का कहना है कि स्वास्थ्य उपकेंद्र में बड़ी-बड़ी घास उग आई है। रानी देवी का कहना है कि स्वास्थ्य उप केंद्र में आने-जाने के लिए कोई रास्ता नहीं है। ग्रामीणों ने सीएमओ से स्वास्थ्य उप केंद्र खुलवाने की मांग की है। मांग करने वालों में अशोक कुमार, सुल्तान सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, विरमा चंद्र, दीवान सिंह, झब्बू सिंह आदि शामिल हैं।