थाना घिरोर क्षेत्र में रविवार दोपहर कोल्ड ड्रिंक का ट्रक पलटने के बाद ग्रामीणों ने जमकर कोल्ड ड्रिंक पी। उक्त ट्रक माल लेकर करहल की ओर जा रहा था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को वहां से खदेड़ा।
थाना घिरोर क्षेत्र में रविवार शाम पांच बजे करहल की ओर कोल्ड ड्रिंक लादकर जा रहा ट्रक कोसमा रेलवे स्टेशन के समीप कुसियारी रजबहा पर अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गया। अचानक हुए इस हादसे के बाद घबराए ट्रक का चालक व परिचालक ग्रामीणों को मौके पर आता देख वहां से भाग गए। इसके बाद कुछ ग्रामीण ट्रक से गिरी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें अपने साथ ले गए तो कुछ वहीं पर इन्हें पीने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक से गिरी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें लूट रहे ग्रामीणों को वहां से खदेड़ा। वहीं प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों का कहना था कि पुलिया पर रेलिंग न होने की वजह से हादसा हुआ है। पूर्व में भी रजबहा के समीप ऐसी घटनाएं होती रही हैं। पुलिस ने ट्रक पर लिखे नंबरों पर बातचीत कर घटना के बारे में जानकारी दी है। वहीं ट्रक को उठाने के प्रयास शुरू कर दिए थे।