बढ़ रही गर्मी के चलते संक्रामक रोगों से पीड़ित रोगियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। सोमवार को जिला अस्पताल में एक बालिका गर्मी के कारण बेहोश हो गई। वहीं सोमवार को डेढ़ हजार मरीज ओपीडी में पहुंचे।
सोमवार को जिला अस्पताल में पर्ची काउंटर से लेकर दवा वितरण तक रोगियों की लंबी लाइन लगी नजर आईं। वहीं बिजली जाने के बाद जिला अस्पताल में जेनरेटर नहीं चलाया जाता है। इसी कारण जिला अस्पताल में पर्चा काउंटर पर लगी भीड़ में एक बालिका गर्मी के चलते बेहोश हो गई। हाल ये था कि रोगी आधिक आने के चलते 100 बैड के जिला अस्पताल में जगह कम पड़ गई। इसके चलते कई मरीजों को तो हृदय रोग विभाग में भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल दवा लेने आए राजकुमार, अमिता, रेशमा, साहिल, रवि आदि का कहना था कि बिजली जाने के बाद यहां जेनरेटर नहीं चलाया जाता है। इससे रोगियों को दवा लेने और पर्चा बनवाने में परेशानी होती है। वहीं सीएमएस डा. एके उपाध्याय का कहना है कि बिजली जाने के बाद जेनरेटर चलाने की व्यवस्था है। जनरेटर क्यों नहीं चलाया गया, इसकी जानकारी की जाएगी।