लगातार दूसरे दिन भी भीषण गर्मी और धूल भरी हवाओं से लोग परेशान रहे। चटख धूप के साथ दिन भर चली धूल भरी गर्म हवाओं ने शहर की चहल-पहल ही छीन ली। दोपहर में बाजारों की रौनक भी गायब नजर आई। हर कोई धूप से बचाव करता नजर आया। अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
पिछले एक सप्ताह से दिनों दिन बढ़ रही गर्मी से सभी परेशान हो चले हैं। गर्मी के साथ शुरू हुई धूल भरी गर्म हवाओं ने तो लोगों का चैन ही छीन लिया है। सुबह नौ बजे से ही सूर्य की किरणें आग उगलने लगती हैं। तेज गर्म हवाओं के साथ उड़ने वाली धूल से सड़क पर चलने वालों का बुरा हाल है। सोमवार सुबह नौ बजे से ही शुरू हुई भीषण गर्मी देर शाम तक लोगों को परेशानी में डाले रही। दोपहर में गर्म और धूल भरी हवाओें ने लोगाें की परेशानी को और बढ़ाया। सीएमओ डा. रामकिशन ने कहा है कि भीषण गर्मी के चलते संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में सावधानी बेहद जरूरी है। उन्होंने पानी को उबाल कर पीने, पानी में क्लोरीन की गोलियों का प्रयोग करने, सफाई रखने, उल्टी दस्त होने पर तत्काल चीनी-नमक का घोल का प्रयोग करने की सलाह दी है।