23 फरवरी से तीन मार्च तक होने वाले सेना भर्ती मेले के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सेना के कर्नल परवेंद्रजीत सिंह और सूबेदार मेजर प्रभात सिंह ने डीएम और एसपी से भेंट कर तैयारियों पर चर्चा की। डीएम और एसपी ने सेना अधिकारियों को आश्वस्त किया।
गुरुवार को कर्नल परवेंद्रजीत सिंह और सूबेदार मेजर प्रभात सिंह ने डीएम एसपी मिश्र से भेंट की। डीएम के कार्यालय में ही बाद में एसपी श्रीकांत सिंह, एएसपी स्वामीनाथ और एसडीएम सदर एसएन यादव के साथ सेना अधिकारियों ने तैयारियों को लेकर विचार विमर्श किया। सेना भर्ती पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम और नवीन कृषि मंडी परिसर में कराई जाएगी। सेना अधिकारियों ने जिला प्रशासन से सेना भर्ती में प्रतिदिन आने वाले 15-20 हजार युवकों के भोजन, नाश्ते आदि की व्यवस्था के लिए मंडी और स्टेडियम के आसपास अस्थायी ढाबे, नाश्ते आदि की ठेल लगवाने का इंतजाम करने को कहा।
डीएम ने बताया कि उचित दर पर नाश्ते और भोजन की व्यवस्था कराई जाएगी। मंडी में अस्थायी शौचालयों का भी निर्माण कराया जाएगा। मंडी के स्टेडियम की ओर खुलने वाले गेट से स्टेडियम तक बेरीकेडिंग कराई जाएगी। एसपी ने बताया कि सेना भर्ती को देखते हुए रूट डायवर्जन भी किया जाएगा। सुरक्षा और किसी प्रकार की गड़बड़ी से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती की जाएगी। बाईपास और आगरा रोड पर बैरियर बनाए जाएंगे।
छह जिलों के युवा होंगे शामिल
23 फरवरी से शुरू सेना भर्ती मेले में छह जिलों के युवा शामिल होंगे। मैनपुरी के अलावा फीरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस और कासगंज जनपद के युवा भाग ले सकेंगे।