मैनपुरी। जनपद में अभिलेखों में दर्ज बंजर सरकारी जमीन का फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने मामले की जांच करवाई। एसडीएम की जांच में कीमती सरकारी जमीन को फर्जी तरीके से निजी नामों पर दर्ज करने का खुलासा हुआ।
कोतवाली क्षेत्र के सूरजभान गुप्ता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया था। उन्होंने बताया कि सुरक्षित श्रेणी की जमीन फर्जी तरीके से विभिन्न लोगों के नाम अंकित की गई। रास्ता भूमि छिपाने के लिए 1348 फसली की जिल्द के पन्ने भी फाड़ दिए गए थे। जिलाधिकारी के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर ध्रुव शुक्ला ने मामले की जांच की। डिप्टी कलेक्टर ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि संबंधित जमीन नॉन जेडए की है।
इसके पट्टे नहीं हो सकते हैं। फसली वर्ष 1359 की खतौनी में गाटा संख्या 3395/0.94 श्रेणी 14 बंजर के रूप में दर्ज थी। जांच रिपोर्ट में बताया गया कि फसली वर्ष 1361 और 1384 में भी यह जमीन बंजर थी। बाद में गाटा संख्या 3395 की बंजर भूमि को श्रेणी 8 मौरूसी काश्तकार में बदल दिया गया। इसे छदामी और फेरू सिंह जैसे लोगों के नाम पर दर्ज किया गया। जिल्द में गाटा संख्या 1395 से जुड़े पेज फाड़े जाने के संकेत भी मिले हैं। जिलाधिकारी ने रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।