गरीबों के आवास दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले युवक को लोगों ने दबोच लिया। उसके पास से एक डायरी भी मिली, जिस पर दर्ज है कि उसने किस-किस से कितनी रकम ली है।
मैनपुरी के बरनाहल नगर पंचायत के वार्ड बालाजी नगर में आवास दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले युवक को लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। दर्जनों लोग युवक को पकड़ कर चेयरमैन के कार्यालय पर ले गए। जहां पर युवक ने लोगों से ठगी करने की बात कबूली। चेयरमैन प्रतिनिधि ने जिले के उच्चाधिकारियों और पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
एक ओर सरकार जहां गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना ( शहरी ) चलाकर लोगों को सस्ते आवास दे रही है। वहीं शातिर युवक गरीब भोली भाली जनता से ठगी कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह एक युवक नगर के बालाजी नगर में एक युवक आवास दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी कर रहा था। शक होने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। सैकड़ों लोग ठगी करने वाले युवक को चेयरमैन शशि गुप्ता के कार्यालय पर ले गए। जहां चेयरमैन प्रतिनिधि योगेंद्र गुप्ता ने युवक से पूछताछ की तो युवक ने अपना नाम सुशील कुमार पुत्र जसवंत सिंह निवासी उद्दैतपुर अवई थाना कोतवाली मैनपुरी बताया।
युवक के पास से आवास भरने के फॉर्म, दर्जनों आधार कार्ड और डायरी मिली है। डायरी में नगर पंचायत के वार्ड निवहरा, मढामई, अन्य वार्ड और मैनपुरी नगर पालिका के वार्ड के लोगों के नाम दर्ज है। लोगों से साथ ही कितने-कितने रुपए लिए गए हैं वह रुपए भी दर्ज हैं। युवक करीब डेढ़ साल से ठगी करता आ रहा है। चेयरमैन प्रतिनिधि योगेंद्र गुप्ता ने जिले के उच्चाधिकारियों को इस संबंध में जानकारी दी। वहीं पुलिस को भी सूचना दी गई है।