मैनपुरी। श्रावण मास की शुरूआत हो चुकी है, कांवड़ लेकर जाने वाले शिव भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा हो। इसके लिए जिले को चार जोन में बांटा गया है। जिले के करीब 31 मंदिराें पर पुलिस की तैनाती की गई है। बृहस्पतिवार को डीएम डॉ़ इंद्रमणि त्रिपाठी और एसपी गणेश प्रसाद साहा ने निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं, बताया कि कांवड़ मार्ग पर प्रत्येक सोमवार को सुबह आठ बजे से समाप्ति तक रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
शिव भक्तों की टोलियां कांवड़ भरने के लिए निकलेंगे, बम बम भोले के जयकारों के साथ कांवड़ लेकर जाने वाले यात्री जनपद की सीमा से भी गुजरेंगे। डीएम ने बताया कि चार जोन व आठ सेक्टर बनाए गए हैं। प्रथम जोन काली नदी पुल, फर्रुखाबाद बॉर्डर थाना बेवर व बिंध्या में प्रवेश कर थाना क्षेत्र भोगांव होते हुए थाना कोतवाली की सीमा तक, द्वितीय जोन थाना बेवर सीमा धरमंगदपुर से मोहकमपुर पुलिया, कन्नौज बॉर्डर, विशुनगढ़ तिराहा, रामनगर, धमियांपुर मंदिर व खिदरपुर मंदिर, खिदरपुर बॉर्डर इटावा सीमा तक। तीसरा जोन सदर कोतवाली सीमा प्रारंभ से भीमसेन मंदिर, चांदेश्वर मंदिर व शीतला माता मंदिर मार्ग चतुर्थ जोन, थाना कुरावली से थाना औंछा क्षेत्र होते हुए घिरोर व अरांव बॉर्डर तक होगा। सभी जोन की जिम्मेदारी सर्किल अफसर संभालेंगे।
प्रत्येक सोमवार को रूट डायवर्जन रहेगा प्रभावी
कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए यातायात व्यवस्था पर भी ध्यान दिया गया है। प्रत्येक सोमवार को रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा। पहले सोमवार 2 अगस्त सुबह आठ बजे से समाप्ति तक मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। औंछा तिराहा से जसराना की ओर, एटा की तरफ से आने वाले भारी वाहन औंछा तिराहा से जसराना जाएंगे। शिकोहाबाद से आने वाले वाहन घिरोर बाईपास से गोल चक्कर, पड़रिया चौराहा से, तुलसी वाटिका, देवी रोड बाईपास होते हुए जाएंगे। करहल से किशनी की तरफ जाने वाले वाहन करहल में रोक दिए जाएंगे। करहल से किशनी की तरफ जाने वाला मार्ग पूर्णत: बंद रहेगा। अलीगंज एटा से फर्दपुर बिछवां की तरफ जाने वाले वाहन अलीगंज पर ही रोक दिए जाएंगे। अलीगंज से फर्दपुर बिछवां मार्ग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। बेवर से किशनी जाने वाले वाहनों को बेवर अंडरपास पर ही रोक दिया जाएगा। बेवर किशनी मार्ग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। एलाऊ से किशनी की तरफ जाने वाले वाहन जागीर चौराहा एलाऊ पर रोके जाएंगे। यह मार्ग भी बंद रहेगा। भांवत चौकी के पास कुर्रा मोड़ से किशनी की ओर जाने वाले वाहनों को भांवत चौकी पर ही रोक दिया जाएगा।
सावन माह के पांच प्रमुख त्योहार
सावन के माह में शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ रहती है। इसके साथ ही पांच प्रमुख त्यौहार भी पड़ेंगे। इसमें 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि, 12 अगस्त हरियाली अमावस्या, 15 अगस्त हरियाली तीज, 17 अगस्त नाग पंचमी और 28 अगस्त को रक्षाबंधन पड़ेगा। इससे पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए कड़ी योजना बनाई है।
कांवड़ यात्रा में मार्ग पर नहीं खड़े होंगे वाहन, हटेगा अतिक्रमण
किशन/बेवर। श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं काे देखा। किशनी और बेवर थाना क्षेत्र की सीमा मोहकमपुर गांव से आगे तक पूरे मार्ग काे देखकर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
श्रावण मास में मध्य प्रदेश, इटावा, मैनपुरी सहित आसपास के जनपदों से हजारों शिवभक्त फर्रुखाबाद जनपद के श्रृंगीरामपुर गंगा घाट से गंगाजल भरकर जाते हैं। इनमें सामान्य कांवड़ियों के साथ बड़ी संख्या में डाक कांवड़ और बड़ी कांवड़ लेकर चलने वाले श्रद्धालु भी शामिल होते हैं।
ऐसे में मार्ग पर गड्ढे, कंटीली झाड़ियां, अतिक्रमण या सर्विस रोड बंद होने जैसी समस्याएं यात्रा में बाधा बनती हैं। कांवड़ यात्रा के लिए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने, मार्ग के किनारे कंटीली झाड़ियों को हटाने तथा हाईवे की सर्विस लेन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए।
भगवान शिव का जलाभिषेक करने वालों की आस्था का सम्मान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी धार्मिक यात्रा किसी भी कारण से बाधित न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। - डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी। हाईवे और प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन भी लागू होगा। तिराहों और चौराहों पर पुलिस बैरियर लगाए जाएंगे। भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित कराई जाएगी। - गणेश प्रसाद साहा, पुलिस अधीक्षक
रूट डायवर्जन के अनुसार चलेंगी परिवहन निगम की बसें
मैनपुरी। श्रावण मास की शुरुआत बृहस्पतिवार से हो गई। कांवड़ यात्रा के दौरान निगम बसों का संचालन जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों और निर्धारित गति के अनुसार ही कराया जाएगा।
मैनपुरी डिपो के संचालन प्रभारी अनुज दुबे ने बताया कि परिवहन निगम की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार कांवड़ यात्रा को देखते हुए बस संचालन पर नजर रखने के लिए क्षेत्रीय मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। निगम, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए बसों का संचालन सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा क्षेत्र में चलने वाली बसों के चालक और परिचालकों को काउंसलिंग के दौरान निर्धारित मार्ग पर ही बस चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मैनपुरी से फर्रुखाबाद मार्ग पर अतिरिक्त बसें संचालित कराने की योजना भी बनाई जा रही है। इसके अलावा बस स्टेशन पर पेयजल, शौचालय, बैठने, साफ-सफाई, पूछताछ कक्ष और ध्वनि प्रसारण के माध्यम से उद्घोषणा की व्यवस्था सुचारु कराने के निर्देश भी मिले हैं।
श्रद्धालुओं से अच्छा व्यवहार करने के निर्देश
संचालन प्रभारी ने बताया कि बस चालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट भी अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। कांवड़ यात्रियों की सहायता के लिए तत्पर रहने और श्रद्धालुओं से अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं।
सावन के पहले दिन से 11 दिवसीय रुद्राभिषेक शुरू
बेवर। मोहल्ला कोट में सावन माह के पहले दिन बृहस्पतिवार से ही भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा के साथ 11 दिवसीय रुद्राभिषेक शुरू हुआ। शाम को महा शिवपुराण कथा हुई। कथावाचक रावेंद्र शुक्ला ने शिवपुराण कथा के महत्व और शिव महिमा की जानकारी दी। पूर्व प्रधानाचार्य बालकृष्ण त्रिपाठी सहित मौजूद शिवभक्तों ने पूजा कर भगवान आशुतोष का आशीर्वाद प्राप्त किया। संवाद
फोटो 2 मोहल्ला कोट में रुद्राभिषेक कार्यक्रम में शामिल श्रृद्धालु। संवाद