फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: मां के पास सो रहा पांच माह का मासूम हुआ गायब...रातभर हुई तलाश, अब तांत्रिकों को खोज रही पुलिस

Tue, 22 Apr 2025 10:45 PM IST
अरुन पाराशर संवाद न्यूज एजेंसी, मैनपुरी

सार

मैनपुरी में रात में मां के पास सो रहा पांच माह का मासूम अचानक से गायब हो गया। परिजनों के साथ गांववालों ने भी तलाश की, लेकिन मासूम का कोई सुराग नहीं लगा। अब पुलिस तांत्रिकों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
विज्ञापन
लापता मासूम। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मैनपुरी के दन्नाहार क्षेत्र के गांव नगला टिकुरिया में सोमवार रात एक महिला के पास सो रहा पांच माह का बेटा गायब हो गया। जगार होने पर महिला व उसके परिजन को बच्चे के लापता होने की जानकारी मिली। रातभर उसकी तलाश की गई मगर, कोई सुराग नहीं लगा है। थाने में महिला के पति ने अपहरण का केस दर्ज कराया है। पुलिस भी बच्चे की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन


 

नगला टिकुरिया निवासी अंबेश ने बताया कि उनका पांच माह का पुत्र कृष्णा उर्फ कारब पत्नी सुनीता के साथ बरामदे में चारपाई पर सो रहा था। रात में करीब 12.30 बजे सुनीता की आंख खुली तो उनका पुत्र चारपाई पर नहीं था। सुनीता ने सास सोनतारा को जगाया और बच्चे के बारे में जानकारी की। इसके बाद घर के अन्य सदस्यों को जगाया। बच्चा किसी के भी पास नहीं मिला। 

सभी लोगों ने रात भर बच्चे की तलाश की। कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई। थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद डॉग स्क्वाॅयड व सर्विलांस टीम को घटनास्थल पर बुलाकर उसकी जांच पड़ताल कराई। बच्चे की खोजबीन में पुलिस लगी है। बच्चे के साथ किसी अनहोनी की आशंका परिजन को सता रही है।

ये भी पढ़ें-UP School Closed: जिलाधिकारी ने दिए आदेश, 23 अप्रैल को बंद रहेंगे इस जिले में शहरी क्षेत्र के स्कूल

नोएडा जा रहा था पिता, सूचना पर आधे रास्ते से लौटा
अंबेश ने बताया कि वह नोएडा में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। 18 अप्रैल को अपने छोटे भाई अखिलेश के बच्चे के अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर आए थे। 21 अप्रैल की शाम को वापस नोएडा जा रहे थे। खुर्जा के पास पहुंचे तो उन्हें पत्नी का फोन आया। उसने बेटे के लापता होने की जानकारी दी। इस पर वह बीच रास्ते से वापस लौट आए।

रात 11.30 बजे तक मां के पास लेटा था 5 माह का बेटा
दादी सोनतरा का कहना है कि एक चारपाई पर उनकी बहू सुनीता बच्चे के साथ लेटी थी। दूसरी चारपाई पर बराबर में वह खुद थीं। वहीं, सुनीता के दो बड़े बच्चे एक साथ तीसरी चारपाई पर लेटे थे। परिजन जिस जगह सो रहे थे। उस जगह मकान की बाउंड्रीवॉल नहीं बनी है। कमरे और बरामदे बने हैं। वहीं, बरामदे के सामने सभी लोग सो रहे थे। वह लगभग 11:30 बजे किसी काम के लिए जागी तो बच्चा बहू के साथ चारपाई पर लेटा था। इसके बाद वह खुद भी सो गईं। 12:30 बजे बहू ने जगाया तो बच्चे के गायब होने पर वह सन्न रह गईं। 11.30 से 12.30 बजे के बीच किसी ने बच्चा गायब कर दिया है। जिस समय बच्चा गायब हुआ, उस वक्त गांव में बिजली भी नहीं थी। रात में 10 बजे गुल हुई बिजली देर रात 1 बजे चालू हुई थी।

 

न फिरौती के लिए कोई फोन आया और न ही बच्चे का सुराग लगा
पुलिस और परिजन कारब के गायब होने के उद्देश्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। परिजन अपहरण की आशंका जता रहे थे। पुलिस भी इस पहलू पर काम कर रही है। मगर, मंगलवार को शाम तक बच्चे के परिवार के पास किसी का भी फिरौती के लिए कोई फोन नहीं आया। इसके अलावा पुलिस किसी जंगली जानवर द्वारा बच्चे को उठा ले जाने की बात कह रही है। मगर, पूरे गांव से लेकर पोखर-तालाब, कुएं, जंगल आदि में भी परिजन व गांव वालों ने तलाश की। बच्चे का कोई सुराग वहां भी नहीं मिला है।

ये भी पढ़ें- UP: आगरा कोषागार का रिश्वतखोर लेखाकार गिरफ्तार, एंटी करप्शन की टीम ने रंगेहाथ दबोचा
 

रंजिशन हत्या के लिए तो नहीं किया अपहरण
पुलिस को यह भी शक है कि गांव या परिवार के किसी व्यक्ति से तो कहीं कारब के परिजन की रंजिश नहीं है। शायद रंजिश को भुनाने के लिए बच्चे का अपहरण हत्या के उद्देश्य से किया गया हो।

 
विज्ञापन

नरबलि तो नहीं है अपहरण की वजह
पुलिस इस मामले में नरबलि के पहलू पर भी काम कर रही है। पिछले कुछ समय से बच्चों के अपहरण के पीछे यह उद्देश्य भी सामने आए हैं। ऐसे में पुलिस इलाके के तांत्रिकों के बारे में भी इनपुट जुटा रही है।

सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जहां परिजन सो रहे थे, वो जगह चारों तरफ से खुली थी। कोई जंगली जानवर भी बच्चे को उठा सकता है। पुलिस अन्य पहलू पर भी जांच कर बच्चे की तलाश में लगी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें