पांच दिन बाद खुल बैंकों में उमड़ी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
पांच दिन बाद बैंक खुलने पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग पैसा जमा और निकालने को पहुंचे। सुबह से शाम तक बैंकों में लंबी-लंबी लाइन लगी रहीं। वहीं लगातार कई दिनों तक बैंक बंद रहने से करीब 90 करोड़ रुपये की क्लियरेंस लटकी रही।
गौरतलब है कि बुधवार को होली के चलते बैंक शाखाएं बंद हुई थी, जो पांच दिन बाद सोमवार को खुली। बैंक शाखाएं खुलते ही सुबह से भीड़ उमड़ने लगी। लोग घंटों लाइन में लगे रहे। सुबह से लेकर दोपहर बैंक बंद होने के समय तक बैंकों में भीड़ थी। इस संबंध में एलडीएम वीरेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि पांच दिन तक बैंक बंद रहने के कारण जिलेभर में करीब 90 करोड़ रुपये की क्लियरेंस अटक गई थी। इसके चलते क्लियरेंस हाउस में देर शाम तक कार्य होता रहा। रुकी हुई क्लियरेंस पूरी होने में अभी दो-तीन दिन का समय और लगेगा। वहीं वित्तीय वर्ष की अंतिम सप्ताह होने के कारण भी बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों पर क्लोजिंग का ओवरलोड है। इसके चलते भी थोड़ा समय लग सकता है।