आतिशबाजी में विस्फोट, महिला की मौत
- फोटो : अमर उजाला
घर में रखे आतिशबाजी के स्टाक में शुक्रवार सुबह हुए धमाके में घर में काम रही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पति को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से सैफई रेफर किया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि कच्चा मकान भी ढह गया। थाना पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के गांव गुदाह निवासी विजय प्रताप जाटव गांव साइकिल के पंचर जोड़ने का काम कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे जब उसकी पत्नी गीता देवी (35) त्योहार के लिए घर को लीप रही थी। तभी तेज धमाकों की आवाज से पूरा गांव दहल गया। एक के बाद एक तीन धमाकों में कच्चा मकान ढह गया। घर में लगी आग ने आतिशबाजी के साथ ही सामान को भी चपेट में ले लिया। घर के बाहर जुटी ग्रामीणों की भीड़ ने आग पर पानी डालकर बुझाने की कोशिश की। कुछ लोगों ने घर में घुसकर घायलों को बाहर निकाला। गीता के सिर में धमाके के दौरान दरवाजे का हिस्सा टूटकर लगने से गंभीर चोटें आईं थी। वह बुरी तरह से आग में घिर गई थी। ग्रामीणों ने जब उसे अस्पताल ले जाने के प्रयास किए तब तक उसकी मौत हो गई थी।
पति विजय प्रताप भी बुरी तरह से झुलस गया था। जिसे ग्रामीणों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया। सूचना मिलने के बाद एसपी सुनील कुमार सक्सेना ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
परिवारीजनों की ओर से दी गई तहरीर में घर में बच्चों के चलाने के लिए लाए गए पटाखों से विस्फोट की बात कही गई है। घर में रखी आतिशबाजी में अज्ञात कारणों से आग लगने की बात कही गई है। मामले की जांच की जा रही है।
- शिष्यपाल सिंह, एएसपी