फोटो 31 जिलाधिकारी कार्यालय पर ज्ञापन देने आए किसान। संवाद
करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र की ग्राम पंचायत के गांव दौैलतपुर निवासी किसान संग्राम सिंह की खुदकुशी मामले में एसीओ और लेखपाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। किसान ने चकबंदी प्रक्रिया से आहत होकर जान दे दी थी। परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े थे, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।गांव दौलतपुर के 70 वर्षीय किसान संग्राम सिंह ने मूल जोत से चक हटाए जाने से आहत होकर सोमवार रात झोपड़ी में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी।उन्होंने चकबंदी प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का उल्लेख सुसाइड नोट में किया था। मंगलवार को जानकारी के बाद परिजन ने कार्रवाई की मांग की थी। पोस्टमार्टम के बाद शाम को जब शव गांव पहुंचा तो परिजन ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था। वह लोग किसान की मौत के जिम्मेदार अधिकारी कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़ गए थे।एसडीएम सुनिष्ठा सिंह ने परिवार के लाेगों को अंतिम संस्कार के लिए समझाया, मृतक किसान के पुत्र सुनील कुमार की तहरीर पर पुलिस ने एसीओ नरेंद्र सिंह और लेखपाल विमलेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुत्र ने बताया कि मौजे में चल रही चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितता बरती जा रही है। 6 अप्रैल को चकबंदी कार्यालय पर किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया था, जिसमें पिता भी शामिल थे। वहां कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला, पिता इस बात से आहत थे। एसीओ नरेंद्र कुमार वर्मा और लेखपाल विमलेश पिता को परेशान कर रहे थे, इससे आहत होकर उन्होंने खुदकुशी कर ली। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद परिजन ने बुधवार सुबह गमगीन माहौल में
किसान संग्राम सिंह के शव का अंतिम संस्कार किया।
किसान की मौत के बाद चकबंदी बंद कराने पहुंचे किसान : चकबंदी प्रक्रिया में भ्रष्टाचार से आहत होकर कुर्रा थाना क्षेत्र के किसान द्वारा खुदकुशी किए जाने की घटना के बाद चकबंदी प्रक्रिया का विरोध करने के लिए और अपनी समस्याएं बताने बुधवार को जिलाधिकारी के पास पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चकबंदी प्रक्रिया को रोकने और इसमें हो रही अनियमितता पर लगाम लगाने की मांग उठाई।
जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे तहसील किशनी के मौजा टिमरख के 30 से ज्यादा किसानों ने कहा कि हमारे मौजा टिमरख में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। इसमें तमाम अनियमितता बरती जा रही है, इसे तत्काल रोका जाना चाहिए।