मैनपुरी। थाना बिछवां क्षेत्र के गांव सुन्नामई निवासी किसान ने नाराज होकर नहर में कूद कर जान देने की कोशिश की, मगर परिजन और ग्रामीणों ने एक बार बचा लिया। दूसरी बार किसान अस्पताल से निकल गए और मेडिकल कॉलेज सैफई के पीछे फंदा लगा कर खुदकुशी कर ली। बृहस्पतिवार को उनका शव लटका हुआ मिला।
बिछवां क्षेत्र के गांव सुन्नामई निवासी किसान शंकर लाल कश्यप (55) 22 फरवरी की दोपहर घर से नाराज होकर चले गए थे। उनका गुस्सा देख परिजन भी उनके पीछे रोकने के लिए गए थे। किसान ने जान देने के लिए करहल पुल के पास नहर में छलांग लगा दी। मगर, परिजन मौके पर आ गए और तैराक ग्रामीणों ने किसान की जान बचा ली थी।
उन्हें मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया गया, मगर राहत मिलने के बाद शंकर लाल वहां से लापता हो गए थे। परिजन ने बिछवां थाने में गुमशुदगी दी। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें सैफई थाना जनपद इटावा भेजा। बुधवार शाम को तलाश के दौरान किसान का शव मेडिकल कॉलेज के पीछे एक पेड़ पर लटका मिला। मृतक किसान के दोनों पुत्र कुलदीप और प्रदीप के आने के बाद सैफई थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। किसान की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।