मैनपुरी में अपनी मर्जी से शादी करने से इनकार करने पर एक पिता ने बेटी को गोली मार दी। गोली बेटी के सिर में फंस गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना के बाद आरोपी ने पत्नी को भी गोली मारने की कोशिश की, लेकिन वह अन्य बेटियों के साथ कमरे में बंद होकर बच गई।
थाना एलाऊ क्षेत्र के दिवनपुर, शांतिनगर निवासी आसिन अपनी बेटी साजिया की शादी अपनी मर्जी से करना चाहता था। जबकि साजिया किसी दूसरे युवक से प्रेम करती थी। इस बात को लेकर करीब डेढ़ महीने से परिवार में विवाद चल रहा था।
रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे परिवार के लोग सो रहे थे। साजिया दूसरे कमरे में चारपाई पर लेटी हुई थी। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। साजिया की मां खैरून निशा कमरे में पहुंचीं तो बेटी लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ी थी। पास में ही उसका पिता हथियार लेकर खड़ा था।
बेटी की हालत देखकर मां चीखने लगीं तो आरोपी ने उन्हें भी गोली मारने की कोशिश की। किसी तरह बचकर वह अन्य बेटियों के साथ दूसरे कमरे में चली गईं और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
गोली चलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और घायल साजिया को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई रेफर कर दिया। बताया गया कि गोली उसके सिर में फंसी हुई है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है।