भोगांव। लिंक एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए अधिग्रहित की जा रही किसानों की जमीनों के भुगतान की प्रक्रिया में प्रशासन ने तेजी ला दी है। तहसील प्रशासन ने किसानों के भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए पत्रावलियों को तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया है।
उपजिलाधिकारी नीरज द्विवेेदी ने बताया कि तहसील क्षेत्र के 12 गांवो के किसानों से जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया को गति देने के लिए गठित टीम किसानों को बैनामा करने के लिए प्रेरित कर रही है। तहसील स्तर पर विशेष टीम लगाई गई है। टीम किसानों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज पूरे करा रही है।
रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी निरंतर जारी है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की पत्रावलियां पूरी हो चुकी हैं, उन्हें शासन स्तर पर भेजा जा चुका है। शासन से स्वीकृति मिलते ही किसानों के खातों में मुआवजे की धनराशि भेज दी जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी की जाए। संवाद