घिरोर। थाना क्षेत्र के गांव नगला फत्ते में सोमवार सुबह खेत पर जा रहे किसान पर सांड़ ने हमला कर दिया, गंभीर हालत में परिजन पीजीआई सैफई ले गए। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के किसान के पुत्र की 25 जून को बरात जानी है, हादसे के बाद खुशियों वाले घर में मातम छा गया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव नगला फत्ते के रहने वाले 50 वर्षीय किसान नंद किशोर के दो बेटे व एक बेटी है, बड़े बेटे व पुत्री की वह शादी कर चुके थे। छोटे बेटे सुवनेश की शादी तय हो चुकी थी। 25 जून को बारात जानी थी, घर में खुशी का माहौल था। शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस बीच सोमवार सुबह नंद किशोर खेत पर जा रहे थे।
तभी छुट्टा सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से सांड़ को भगाया। गंभीर हालत में परिजन किसान को इलाज के लिए पीजीआई सैफई ले गए। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सैफई थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।