खेत की रखवाली करने जा रहे किसान को बदमाशों ने गोली मार दी। घायल को सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर सैफाई के लिए रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के गांव कुमहौल में एक किसान पर जानलेवा हमला हुआ। मक्के की फसल की रखवाली के लिए जा युवक को सामने से आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। सीएचसी से चिकित्सकों ने घायल को सैफई रेफर कर दिया।
विज्ञापन
शुक्रवार शाम 5.30 बजे योगेश कुमार (27) पुत्र रामचंद्र कश्यप अपने साथी अरुण कुमार के साथ बाइक से खेत पर मक्का की फसल देखने जा रहे थे। खेत के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे बाइक सवार ने फायरिंग कर दी, गोली योगेश की कमर में लगी। वह बाइक समेत गिर पड़े और हमलावर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि परतापुर के बलराम के बेटे महावीर ने उस पर गोली चलाई। घायल की मां फूलमती ने बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश में हुआ है। उनका मल्लाह से मछलियों को लेकर विवाद था। मल्लाह उनके खेत से गुजरते थे, जिससे फसल खराब होती थी। इसी विवाद में पहले भी उनके बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया था।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष महाराज सिंह भाटी मौके पर पहुंच गए। घायल को पहले सीएचसी ले जाया गया। वहां से उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। सीओ सत्यप्रकाश शर्मा ने सीएचसी पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। सीओ ने कहा कि मौके पर फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए भेजा जाएगा।