कुरावली। नगर में इन दिनों रोडवेज बसों की आवाजाही को लेकर यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रशासन की ओर से बसों का नगर के अंदर प्रवेश रोक दिए जाने से मैनपुरी, इटावा, औरैया, लखनऊ, कानपुर, कन्नौज, भोगांव, फर्रुखाबाद रूट की बसें बाईपास से ही गुजारी जा रही हैं। पुलिस की ओर से बसों को नगर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा, जिससे यात्रियों को एक किलोमीटर दूर उतरकर नगर तक पहुंचना पड़ रहा है।
एटा की ओर से आने वाली बसों को एटा अंडरपास स्थित गुरुद्वारा के पास ही रोक दिया जाता है और सवारियों को वहीं उतार दिया जाता है। रात के समय यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, खासकर महिलाओं और बच्चों के लिए। दिल्ली से रात आठ बजे आई सावित्री देवी ने बताया कि उन्हें कुरावली के अंदर उतरना था, लेकिन बस ने उन्हें एक किलोमीटर पहले ही उतार दिया। उनके साथ बच्चे और सामान था, जिससे उन्हें काफी दिक्कत हुई। कुछ देर बाद उन्हें एक ई-रिक्शा मिला, जिसमें 10 रुपये देकर वह नगर के अंदर पहुंच सकीं।
वहीं, कन्नौज जाने के लिए इंतजार कर रहे एक यात्री ने बताया कि वह शाम सात बजे से खड़े हैं, लेकिन रात 8:30 बजे तक कोई बस नगर के अंदर नहीं आई। बाईपास से बसों के गुजरने के कारण उन्हें सही जानकारी भी नहीं मिल पा रही है। नगर के सुनील गुप्ता, अरविंद जैन, गुड्डू मंसूरी, अभिषेक शाक्य और अमन राजपूत सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर के अंदर बसों की आवाजाही फिर शुरू की जाए, ताकि यात्रियों को विशेषकर रात के समय होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।