मैनपुरी। विद्युत उपभोक्ताओं को गर्मियों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने के लिए उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन मेंटीनेंस माह का आयोजन कर रहा है। इसमें जिले के सभी सबस्टेशनों के साथ विद्युत लाइनों की मरम्मत के लिए 112 टीमें बनाई गई हैं। हर दिन मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया जा रहा है।
मंगलवार को एसडीओ शहरी प्रथम धनवीर नागर ने देवी रोड बिजलीघर का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अवर अभियंता धर्मेंद्र भदौरिया को निर्देशित किया कि विद्युत आपूर्ति में व्यवधान डालने वाले कार्यों को पहले किया जाए। एसडीओ ने सिविल लाइन और ज्योति रोड के अंतर्गत विभिन्न ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण कर मौके पर मरम्मत कार्य कराया।
करहल रोड बिजली घर पर एसडीओ शहरी द्वितीय अभिषेक कुमार ने अवर अभियंता नारायण सिंह के साथ स्विच यार्ड में साफ-सफाई और पावर परिवर्तक की मरम्मत का कार्य कराया। वहीं, किशनी, बेवर और अरम सराय क्षेत्र में अवर अभियंताओं के नेतृत्व में 33 एवं 11 केवी लाइनों में व्यवधान डालने वाली वृक्षों की टहनियों की कटाई-छटाई का कार्य किया गया।
हर सबस्टेशन पर रहेंगी दो टीमें
अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि अनुरक्षण माह के अंतर्गत मेंटीनेंस कार्य के लिए प्रत्येक बिजली घर पर दो टीमें और जिले में 112 टीमें बनाई गई हैं। पूरे महीने का चार्ट बनाया गया है, जिसके अनुसार प्रतिदिन कार्य किए जाएंगे। प्रतिदिन शाम को उनके कार्यालय से मरम्मत कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया जाएगा।