मैनपुरी। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत चंद्रपाल सिंह ने कहा कि पंचायत सामान्य निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठा के साथ निर्वहन करेें। निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। विभागीय कार्यों को तरजीह न देकर निर्वाचन संबंधी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर किए जाएं। मतदान कार्मिकों की फीडिंग का कार्य दो दिन में पूर्ण कराकर ड्यूटी प्रदान कर दी जाए। प्रथम चरण वाले मतदान कार्मिक तृतीय चरण में और द्वितीय चरण वाले मतदान कार्मिक चतुर्थ चरण में ड्यूटी करेंगे।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में प्रभारी अधिकारियों की बैठक में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव संबंधी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं। सभी मतदान केंद्रों पर समस्त व्यवस्था तत्काल पूर्ण कराई जाए। मतदान केंद्रों के हैंडपंप ठीक रहें और विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन सुचारु किए जाएं। कक्षों में बूथ संख्या अंकित कराई जाए। सभी मतपेटिकाओं पर आयलिंग, ग्रीसिंग का कार्य तत्काल कराया जाए। प्रभारी अधिकारी मतपेटिका ने बताया कि ठेकेदार द्वारा इस कार्य में आनाकानी की जा रही है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने दो दिन में आयलिंग, ग्रीसिंग का कार्य न करने पर ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए।
प्रभारी अधिकारी रूटचार्ज, यातायात व्यवस्था से कहा कि वह आज ही सभी तहसीलों से रूटचार्ट प्राप्त करें। सेक्टर और जोन बनाकर आवश्यकतानुसार हल्के एवं भारी वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। बस्तों में अच्छी गुणवत्ता की मोमबत्ती, इंकपैड रखी जाए। अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी होनी है इसके लिए पर्याप्त मात्रा में वीडियो कैमरों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यावधिक करना सतत प्रक्रिया है। यदि मतदाता सूची में किसी पात्र व्यक्ति का नाम शामिल होने से रह गया है तो संबंधित एसडीएम, तहसीलदार अपने स्तर से ही उसका नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं। कोई भी व्यक्ति सूची में नाम न होने के कारण निर्वाचन लडने से वंचित न रहे। बैठक में सभी प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारी मौजूद थे।