वाहन चोरी गिरोह के आठ सदस्य पकड़े, 11 बाइकें बरामद
- फोटो : अमर उजाला
स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ा है। पुलिस ने आठ वाहन चोरों से कुल चोरी की 11 बाइकें बरामद की हैं। पकडे़ गए चोरों ने कई घटनाओं का खुलासा भी किया है। शनिवार को एसपी ने कोतवाली में प्रेसवार्ता कर खुलासे के संबंध में जानकारी दी।
वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में जुटी पुलिस को शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल हुई है। स्वाट टीम व कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान जिले से बाइक चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य ब्रजेश निवासी गांव जरैला फिरोजाबाद और गोपाल निवासी मोहल्ला छपट्टी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने अभी तक गिरोह के अन्य साथियों के साथ 70-80 बाइकें चोरी कर उन्हें बेचा है। वह बाइकों से लूट की वारदात को भी अंजाम देते हैं। बताया कि ब्रजेश निवासी गांव जरैला फिरोजाबाद ने भाई कन्हैया के साथ मोहल्ला खरगजीत नगर में चेन लूट की घटना को भी अंजाम दिया था। पुलिस ने पकडे़ वाहन चोरों की निशानदेही पर उनके अन्य छह साथी सोहेल मोहल्ला छपट्टी, अरमान सिंह गांव संसारपुर, अवधेश कुमार गांव अंजनी, कमल श्रीवास्तव मोहल्ला खरगजीत नगर, शिवा निवासी वंशीगोहरा, सचिन राठौर निवासी देवी रोड को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की 11 बाइकें बरामद हुई हैं।
एसपी राजेश एस ने बताया कि सभी आरोपी गिरोह बनाकर वाहन चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देते हैं। सभी के विरुद्ध गैंगेस्टर की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस भागे हुए साथी जीतू मोहल्ला छपट्टी, विकास कांशीराम कालोनी, राहुल निवासी गांव जरैला फिरोजाबाद और दीपू निवासी बड़ी नगरिया की तलाश में जुटी है।
चोरी के सीसीटीवी फुटेज की रही अहम भूमिका
कोतवाली क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व स्टेशन रोड स्थित कृष्णा मैरिज होम में सामूहिक विवाह समारोह के दौरान ब्लाक कालोनी निवासी श्रवण कुमार की बाइक चोरी हो गई थी। जिसका सीसीटीवी फुटेज लेकर पीड़ित ने एसपी को दिखाया था। एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने वाहन चोरों को गिरफ्तार कर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया।