उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में डंपर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। स्कूटी सवार छह वर्षीय मासूम सड़क पर जा गिरी। हादसे में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बड़ी बहन ने छोटी के शव को गोद में रख लिया और रोने लगी।
मैनपुरी के इटावा मार्ग शृंगार नगर मोड़ के पास बुधवार सुबह स्कूटी सवार दो बहनों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने चपेट में ले लिया। हादसे में छह साल की मासूम की मौत हो गई वहीं बड़ी बहन घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में ले लिया।
विज्ञापन
सदर कोतवाली क्षेत्र के शृंगार नगर स्थित किराए के मकान में रह रहीं मधु मिश्रा की बड़ी बेटी शुभी बुधवार सुबह छोटी बहन गौरांशी (6) को स्कूटी से कचहरी रोड कोतवाली के सामने स्थित सेंट मेरीज स्कूल छोड़ने जा रही थी। गौरांशी कक्षा एक की छात्रा थी। वहीं शुभी आश्रम रोड स्थित सेंट मेरीज स्कूल की छात्रा है। सुबह करीब सात बजे जैसे ही शुभी शृंगार नगर मोड़ के पास पहुंची। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी को चपेट में ले लिया।
टक्कर लगने के बाद गौरांशी उछल कर ट्रक की पहिये के नीचे आ गई, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। बच्ची के शव को मोर्चरी भिजवाया, घायल शुभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया, वहीं चालक योगेंद्र यादव निवासी महमूदपुर थाना सिकंदराराऊ हाथरस को हिरासत में ले लिया। हादसे में मासूम की मौत के बाद घर में मातम छाया है।