गेट पर प्रसव, ढाई घंटे बाद पहुंचे चिकित्सक
- फोटो : अमर उजाला
भोगांव अस्पताल कर्मचारियों की लापरवाही से महिला का प्रसव अस्पताल के गेट पर ही हो गया। महिला सुबह प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची तो अस्पताल बंद था। अस्पताल प्रशासन को जानकारी दी गई लेकिन कोई कर्मचारी या चिकित्सक नहीं पहुंचा। जिससे जच्चा-बच्चा दोनों की जान खतरे में पड़ी रही। प्रसव होने के ढाई घंटे बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीएमओ ने लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को नगर के मोहल्ला फाजिलगंज निवासी वसीम अली पत्नी जीनत को प्रसव के लिए सुबह सात बजे अर्बन चिकित्सालय लेकर पहुंचा। जहां ताला लटका मिला। कोई भी चिकित्सक व कर्मचारी नहीं था। अस्पताल में तैनात चौकीदार से प्राइवेट रूप से काम करने वाली दाई सिया देवी को बुलाया गया। महिला के प्रसव की जानकारी अस्पताल में तैनात एएनएम गिरजा देवी व हर कुमारी, आशा रबीना बानो आदि को दी गई, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। दाई ने बमुश्किल प्रसव कराया। इस दौरान जच्चा-बच्चा की हालत खतरे में पड़ी रही। करीब ढाई घंटे बाद एएनएम और अस्पताल के अन्य कर्मचारी पहुंचे। जिसके बाद बाद जच्चा-बच्चा को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल के खुलने का समय सुबह आठ बजे है जो कर्मचारी सूचना मिलने के बावजूद समय से नहीं पहुंचे उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पीएचसी पर तैनात चिकित्साधिकारी अमित भारती को महिला को सभी चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
- डा. रामकिशन, सीएमओ