मैनपुरी। आगरा बाईपास रोड पर नाला निर्माण चल रहा है। तीन माह से नाला निर्माण की गति काफी धीमी बनी हुई है। इससे यहां धूल उड़ती रहती है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग को जांच कर कार्य की गति तेज कराने के निर्देश दिए हैं।
आगरा बाईपास रोड पर नाला निर्माण का कार्य पिछले तीन महीने से चल रहा है। कार्य की गति इतनी धीमी है कि अभी 50 प्रतिशत काम भी पूरा नहीं है। काम के कारण यहां सड़क पर वाहन निकलने से धूल उड़ती रहती है। इससे यहां के लोगों को बीमारियों का खतरा सता रहा है। स्थानीय लोगों ने दो दिन पहले जिलाधिकारी से मुलाकात कर नाला निर्माण की धीमी गति के कारण धूल मिट्टी से आ रही दिक्कत की शिकायत की थी। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण को पत्र जारी कर बाईपास रोड पर चल रहे काम का निरीक्षण कर। कार्यदायी संस्था से काम तेजी के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि कार्य के दौरान स्थानीय लोगों की सेहत का भी ख्याल रखा जाए।