मैनपुरी में एकतरफा प्रेम में अंधे सिरफिरे ने मोहल्ला चौथियाना के रानी मंदिर में पूजा कर रही बीएससी की छात्रा को तीन गोलियां मार दीं। गंभीर हालत में युवती को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। उपचार के 12वें दिन छात्रा की मौत हो गई। छात्रा की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौथियाना की रहने वाली बीएससी की छात्रा दिव्यांशी मोहल्ले के ही रहने वाले राहुल दिवाकर के एकतरफा आकर्षण की भेंट चढ़ गई। 27 जुलाई को दिव्यांशी जब मंदिर पूजा करने गई थी, तब राहुल दिवाकर ने तीन गोलियां मारीं थीं। मरा हुआ समझ कर वहां से भाग गया था।
पुलिस ने वारदात के तीन घंटे बाद ही आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, मगर दिव्यांशी 12 दिनों से मेडिकल कॉलेज सैफई में दर्द से छटपटा रही थी। बृहस्पतिवार की रात को दिव्यांशी ने आखिरी सांस ली। उसकी मौत से परिजनों में चीख पुकार मच गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया।