हापुड़ में मथुरा से परिजनों के साथ गंगा स्नान करने आया छह वर्षीय बच्चा गंगा की गहरी जलधारा में पहुंचकर बहने लगा। बच्चे को बहता देख स्थानीय नाविकों और गोताखोरों ने उसे गंगा से बाहर निकालकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने उसे सीएचसी भिजवाया, जहां से चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मथुरा निवासी मुकेश शनिवार को अपने परिवार के साथ ब्रजघाट में गंगा स्नान के लिए आए थे। इस दौरान उनका छह वर्षीय बेटा टिंकू नत्थू घाट के सामने बैरिकेडिंग पार कर स्नान करने लगा। तभी वह गंगा की तेज धारा में पहुंच गया और बहने लगा।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद नाविकों और गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बेहोशी की हालत में बच्चे को गढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि परिजनों से बातचीत हुई है और बच्चे की हालत में सुधार है।